Gonda Hadsa News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई. इटियाथोक थाना क्षेत्र में दर्शन के लिए जा रही बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई।
Gonda Hadsa News: रविवार की सुबह पृथ्वीनाथ मंदिर जा रही श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो पलट गई। बोलेरो में सवार 11 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जिनमें ज्यादातर एक ही परिवार के हैं। बोलेरो में 15 लोग सवार थे।सभी पृथ्वीनाथ मंदिर जल चढ़ाने जा रहे थे।पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी जांच में जुटे हैं।
कैसे हुआ हादसा
बताया जाता है कि मोतीगंज थाना के सीहागांव निवासी प्रह्लाद गुप्ता बोलेरो से परिवार व मित्रों के साथ पृथ्वीनाथ मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। पारासराय अलावल देवरिया मार्ग पर रेहरा गांव स्थित सरयू नहर पुल के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई।
गांववालों की बहादुरी और पुलिस की तत्परता से चार लोग किसी तरह बचा लिए गए. मगर, बाकी 11 लोग, जिनमें से अधिकांश एक ही परिवार के थे- अब कभी वापस नहीं आएंगे. एक गांव का सपना, एक परिवार की श्रद्धा, और कुछ मासूम जिंदगी, सबकुछ उस एक हादसे में डूब गया. अब गांव में सन्नाटा है, मंदिर में आरती अधूरी है और उन परिवारों में मातम पसरा है जिनके अपने हमेशा के लिए चले गए.