दिल्ली से पंजाब पहुँची ‘आप’ की मदद, हर दिन भेजी जाएगी राहत सामग्री

Delhi News: पंजाब में आई भीषण बाढ़ ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। दर्जनों गांव जलमग्न हैं, सैकड़ों घर प्रभावित हुए हैं और हजारों लोग राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं। इस प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे पंजाबियों की मदद के लिए अब आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आगे आने की अपील की है।

पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की कि पंजाब को हर संभव मदद दी जाएगी। उनके निर्देश पर दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज राहत सामग्री की पहली खेप लेकर मंगलवार को पंजाब के लिए रवाना हो गए। दिल्ली से “आप” द्वारा यह राहत सामग्री भेजने का पहला बड़ा प्रयास है।

हर दिन जाएगा राहत का ट्रक
केजरीवाल ने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है। अब हर दिन पार्टी नेता, विधायक, सांसद और आम लोग ट्रकों के जरिए बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाएंगे। दिल्ली की कई रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और व्यापारी संगठन भी इस मुहिम में सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “हम सेवा करने के लिए तन, मन, धन से पंजाब पहुंचेंगे। आज पूरा देश पंजाब के साथ खड़ा है।”

कार्यकर्ताओं से अपील
आम आदमी पार्टी ने अपने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की है कि वे जो भी संभव हो, बाढ़ पीड़ितों की मदद में योगदान करें। केजरीवाल ने कहा कि पंजाबियों और सिखों ने हमेशा पूरे देश की सेवा की है। लंगर परंपरा और सेवा भाव से हर आपदा में पंजाबियों ने मिसाल कायम की है। “आज हमारी बारी है कि हम उनके साथ खड़े हों।”

यह भी पढ़ें…

दिल्ली कैंट में 12 दिवसीय थल सैनिक शिविर का आगाज़, देशभर से पहुंचे 1546 कैडेट

पंजाब त्रासदी पर बोलें आप नेता
दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पंजाब में बाढ़ से भारी तबाही हुई है। गांव जलमग्न हो गए हैं, लोग घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के निर्देशानुसार वह खुद इस राहत सामग्री के ट्रक के साथ पंजाब जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राजेंद्र नगर विधानसभा और दिल्ली इकाई की ओर से यह सामग्री भेजी गई है। आने वाले दिनों में हर रोज़ नई खेप पंजाब रवाना की जाएगी।

पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता दिल खोलकर मदद कर रहे हैं। वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि राहत सामग्री वितरण में पारदर्शिता रखी जाएगी ताकि हर ज़रूरतमंद तक सहायता पहुंच सके।

यह भी पढ़ें…

कीर्ति वर्धन सिंह 4-5 सितंबर को आइसलैंड दौरे पर, भारत-नॉर्डिक सहयोग को बढ़ावा देने की तैयारी

पंजाब सरकार सक्रिय
इधर, पंजाब सरकार ने राज्य को आपदा प्रभावित घोषित कर दिया है। मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी लगातार राहत कार्यों में जुटे हैं। प्रभावित जिलों में भनाम, भलाण, नानगरा, पलासी और सिंहपुर जैसे गांवों में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां भोजन, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की गई है।

गुरुद्वारे और पंजाबी समुदाय भी बाढ़ पीड़ितों की सेवा में आगे आए हैं। विभिन्न धार्मिक संस्थाएं लंगर और आवश्यक सामग्री मुहैया करा रही हैं। अरविंद केजरीवाल ने इस सेवा भाव की सराहना की और कहा कि देश के हर हिस्से से मदद पहुंच रही है।

यह भी पढ़ें…

कैथल से सकुशल मिला मासूम… दिल्ली पुलिस का परिवार ने जताया आभार