मौसम के कहर से हवाई सेवाएं प्रभावित; Spicejet ने जारी की Travel Advisory…

Spice-jet Travel Advisory: इस बार मॉनसून पूरे देश में तबाही लेकर आया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और मुंबई जैसे बड़े शहर भी भारी बारिश के असर से नहीं बच पाए। कहीं सड़कों पर जलभराव है तो कहीं नदियाँ खतरे के निशान को पार कर चुकी हैं। वहीं, खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी दिखाई दे रहा है।

विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने अपने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि दिल्ली और कोलकाता से उड़ान भरने या वहाँ उतरने वाली सभी फ्लाइट्स पर मौसम का असर पड़ सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट जाने से पहले उड़ान की ताज़ा स्थिति ज़रूर चेक करें।

दिल्ली में बिगड़े हालात
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही बारिश से यमुना नदी उफान पर है। खतरे का निशान पार करने के बाद निचले इलाकों में पानी घुस गया है। प्रशासन ने हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया है। हालात को देखते हुए दिल्ली के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें…

GST New Slab News: पब्लिक को मिला GST में कटौती का तोहफा, जानिए क्या-क्या होगा सस्ता…

यात्रियों के लिए स्पाइसजेट की एडवाइजरी
एयरलाइन कंपनी ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि खराब मौसम के चलते दिल्ली और कोलकाता से उड़ान भरने वाली सभी फ्लाइट्स प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे हवाई अड्डे पर पहुंचने से पहले एयरलाइन की वेबसाइट या ऐप से अपनी फ्लाइट की ताज़ा स्थिति अवश्य देखें।

बारिश से थमी मुंबई की रफ़्तार
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भारी बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सड़कों पर जलभराव के कारण गाड़ियाँ फँस गईं और रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने से लोकल ट्रेन सेवा भी प्रभावित हुई। हालांकि अब बारिश की रफ्तार धीमी हुई है, लेकिन रुक-रुक कर बारिश जारी है। बहरहाल, धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो रही है।

यह भी पढ़ें…

भारत-जर्मनी रिश्तों में नई मजबूती, शिक्षा और छात्र आदान-प्रदान पर बड़ा समझौता

बाढ़ और भूस्खलन से राज्य जम्मू-कश्मीर में तबाही
उत्तरी भारत के पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर में भी हालात बिगड़ते जा रहे हैं। बुधवार को भारी बारिश के बाद आई बाढ़ और भूस्खलन ने कई जिलों को प्रभावित किया। जम्मू संभाग के सभी 10 जिले और दक्षिण कश्मीर के 3 जिले बाढ़ से जूझ रहे हैं।
चिनाब सहित लगभग सभी नदियाँ खतरे के निशान के पास या उससे ऊपर बह रही हैं। जम्मू–कटरा रेल मार्ग बाधित हो चुका है। हालात को देखते हुए जम्मू में सभी स्कूल और कॉलेज 5 सितंबर तक बंद कर दिए गए हैं। अखनूर क्षेत्र में चिनाब नदी का जलस्तर इतना बढ़ा कि लगभग 20 मकान ढह गए या बाढ़ में बह गए।

देश के कई हिस्सों में जारी भारी बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। दिल्ली से लेकर मुंबई और जम्मू-कश्मीर तक लोग बाढ़ और जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। वहीं, हवाई सेवाओं पर असर पड़ने से यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की ज़रूरत है।

यह भी पढ़ें…

सरकार का नया इनिशिएटिव ‘भारती’, 2030 तक 50 अरब डॉलर कृषि निर्यात का लक्ष्य