Delhi Yamuna Flood: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर बना हुआ है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना का जलस्तर 207.31 मीटर दर्ज किया गया है।
Delhi Yamuna Flood: राजधानी दिल्ली में यमुना उफान पर है। शहर के कई इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है। हालांकि आज यमुना के जलस्तर में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार सुबह 8 बजे पुराने रेलवे ब्रिज पर 207.31 मीटर दर्ज किया गया। गुरुवार को यह अपने सीजन के उच्चतम स्तर 207.48 मीटर तक पहुंच गया था। अधिकारियों के मुताबिक, सुबह 6 बजे जलस्तर 207.35 मीटर था, जो 7 बजे 207.33 मीटर तक घटा। अच्छी खबर यह है कि दिन चढ़ने के साथ जलस्तर के और कम होने की उम्मीद है।
दिल्ली के निचले इलाकों में घुसा पानी
दिल्ली के भारी बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने पर, नदी का पानी निचले इलाकों में प्रवेश कर चुका है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। मयूर विहार, कश्मीरी गेट और आसपास के इलाकों में पानी घुसने से घर डूब गए हैं, लोग बेघर हुए हैं, और छोटे-बड़े कारोबार ठप पड़ गए हैं। सड़कों पर पानी, घरों में कीचड़ और लोगों के चेहरों पर बेबसी.. यमुना की बाढ़ ने दिल्ली की रफ्तार को रोक दिया है।
हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से लगातार हो रहे भारी जलप्रवाह ने जलस्तर को 207.48 मीटर तक पहुंचा दिया है. यह 1963 के बाद दर्ज तीसरा सबसे ऊंचा स्तर है. करीब 12,000 लोगों को अब तक निचले इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है.
सड़कों पर पानी का कहर
दिल्ली में यमुना नदी के उफान के कारण मजनू का टीला, मोनेस्ट्री मार्केट, कश्मीरी गेट ISBT और रिंग रोड पर भयंकर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है. केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना का जलस्तर 207.31 मीटर तक पहुंच गया, जो खतरे के निशान (205.33 मीटर) से काफी ऊपर है. हथनी कुंड बैराज से 1,08,232 क्यूसेक और ओखला बैराज से 2,44,478 क्यूसेक पानी छोड़े जाने से यमुना बाजार, गीता कॉलोनी, निगम बोध घाट और सिविल लाइंस में सड़कों पर 2-8 फीट तक पानी भर गया है।