Gujarat Heavy Rain: गुजरात के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सबसे ज्यादा असर सूरत, वडोदरा और भरूच जिलों में देखने को मिल रहा है, जहां नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है।
जलभराव के चलते स्थानीय लोगों को आवागमन और रोजमर्रा की गतिविधियों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों को अलर्ट जारी कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
सूरत में किम नदी का जलस्तर बढ़ा
सूरत जिले के उमरपाड़ा और मंगरोल तालुका सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। बीते 24 घंटों में उमरपाड़ा में 8.5 इंच और मंगरोल में 4 इंच बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश से किम नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया। नदी का पानी मंगरोल के मोटा बोरसारा गांव के पादर इलाके में घुस आया है, जिसके चलते कई गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है। इससे ग्रामीणों को आवाजाही और रोजमर्रा की गतिविधियों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वडोदरा में नर्मदा का खतरा
वडोदरा जिले में नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। सरदार सरोवर बांध से 4.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा और गहरा गया है। वडोदरा के चाणोद क्षेत्र में मल्हार राव घाट की 92 सीढ़ियां पूरी तरह पानी में डूब गईं। हालांकि फिलहाल नर्मदा का जलस्तर खतरे के निशान तक नहीं पहुंचा है, लेकिन लगातार बारिश ने स्थिति को गंभीर बना दिया है।
यह भी पढ़ें…
बैंक में मिलेगा माँ का दूध… नवजात शिशुओं को मिलेगा जीवनदायिनी सहारा
डभोई में यातायात ठप
वडोदरा जिले के डभोई में भी हालात बिगड़ गए हैं। यहां आधी रात से सुबह सात बजे तक 5 इंच बारिश हुई। निचले इलाकों में पानी भरने से यातायात बाधित है और कई घरों में भी पानी घुस आया है। जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
यह भी पढ़ें…
PM Modi के स्वागत को अहमदाबाद तैयार, ‘सिंदूर’ की डिबिया लेकर पर पहुंची महिलाएं
भरूच में 24 फीट तक पहुंचा जलस्तर
भरूच जिले में भी नर्मदा नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ गया है। बोरभाठा बेट गांव के सरपंच पंकज पटेल ने जानकारी दी कि बांध से 5 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद नदी का स्तर 24 फीट को पार कर गया है। अगर बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो आसपास के गांवों में बाढ़ की आशंका और बढ़ जाएगी।
यह भी पढ़ें…
Gujarat को पीएम मोदी की सौगात, 5,400 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण
दक्षिण गुजरात में चिंता बढ़ी
दक्षिण गुजरात के अन्य हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेत जलमग्न हो गए हैं और कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि बारिश की तीव्रता जल्द कम नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भयावह हो सकती है।
यह भी पढ़ें…