Mumbai को दहलाने की धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार, पुलिस ने नोए़डा से पकड़ा

Bomb Blast Threat: मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप पर आतंकी हमले की झूठी धमकी देने वाले आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान अश्विनी के रूप में हुई है।

Bomb Blast Threat: मुंबई पुलिस को धमकी संदेश भेजने वाले को गिरफ्तार कर लिया गया है. 5 सितंबर को मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर आतंकियों की घुसपैठ और बड़े धमाके की धमकी देने वाले आरोपी अश्विनी को आज (6 सितंबर) नोएडा से गिरफ्तार किया गया है. आरोपी ने दावा किया कि 14 लश्कर-ए-जिहादी आतंकी मुंबई में दाखिल हो चुके हैं और 34 गाड़ियों में 400 किलो आरडीएक्स के जरिए विस्फोट की साजिश रची गई है. नोएडा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया है।

कौन है ये धमकीबाज?

आरोपी का नाम अश्विनी है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और पिछले पांच सालों से नोएडा में रह रहा था। हैरानी की बात ये है कि अश्विनी खुद को ज्योतिषी बताता था, लेकिन उसकी करतूत ने उसके इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नोएडा के सेक्टर-113 से पकड़े गए इस शख्स ने मुंबई पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर गुरुवार को एक खतरनाक धमकी भेजी थी।

धमकी में क्या था?

अश्विनी ने अपने मैसेज में दावा किया कि मुंबई में कई गाड़ियों में बम रखे गए हैं, जिनमें 400 किलो आरडीएक्स का इस्तेमाल होगा। उसने कहा कि ये धमाके पूरे शहर को हिलाकर रख देंगे और करीब एक करोड़ लोग इसकी चपेट में आएंगे। इतना ही नहीं, उसने खुद को पाकिस्तान की एक जिहादी संगठन ‘लश्कर-ए-जिहादी’ का सदस्य बताते हुए दावा किया कि 14 आतंकी शहर में घुस चुके हैं। उसने यह भी कहा कि 34 गाड़ियों में 34 ‘ह्यूमन बम’ लगाए गए हैं।

खास बात यह है कि धमकी का संदेश गणेश चतुर्थी के दौरान आया, जब पूरे मुंबई में लाखों लोग त्योहार में शामिल थे. आज गणेश विसर्जन का दिन है, ऐसे में पुलिस ने सुरक्षा और भी मजबूत कर दी है.