लखनऊ में अपना दल (एस) की समीक्षा बैठक, आगामी पंचायत चुनाव की रणनीति पर जोर

Apna Dal (S) Review meeting: अपना दल (एस) की मासिक संगठनात्मक समीक्षा बैठक मंगलवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित हुई। बैठक में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और विस्तार के लिए हर कार्यकर्ता को ईमानदारी और पूरी निष्ठा से काम करना होगा। पार्टी का लक्ष्य केवल सत्ता में हिस्सेदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक न्याय और समान अवसर पहुँचाना भी है।

सुबह 7 बजे जमालापुर से पार्टी कार्यकर्ताओं का बड़ा दल जिला अध्यक्ष लाल बहादुर पटेल के नेतृत्व में लखनऊ पहुँचा। बैठक में प्रदेश महासचिव और जिला पंचायत सदस्य सुनीता वर्मा, जिला पंचायत सदस्य ललई सरोज, जिला मीडिया सचिव सुनील पटेल, विधानसभा अध्यक्ष सभाजीत पटेल, मछलीशहर विधानसभा अध्यक्ष सुधाकर पटेल, जफराबाद विधानसभा अध्यक्ष आशीष पटेल, प्रधान चंद्रशेखर पटेल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान अनुप्रिया पटेल ने हाल ही में राज्य सरकार द्वारा आउटसोर्सिंग सेवाओं में आरक्षण लागू करने के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कदम पार्टी की पुरानी मांगों में से एक था, और इसे पूरा होते देखना संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा ओबीसी क्रीमीलेयर की सीमा 8 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये किए जाने को ऐतिहासिक फैसला बताया और कहा कि इससे समाज के पिछड़े वर्गों के अधिक युवाओं को शिक्षा और नौकरियों में अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें…

यूपी में शिक्षा क्रांति… ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार से बदल रहा भविष्य

अनुप्रिया पटेल ने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी पंचायत चुनाव में पार्टी पूरी ताकत से लड़ेगी और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की रणनीति बनाई जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाएं, सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुँचाएं और सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूती दें।

यह भी पढ़ें…

यूपी कैबिनेट बैठक में 15 अहम फैसलों पर मुहर, ई-बसों से लेकर निर्यात नीति तक बड़े बदलाव

बैठक में संगठन विस्तार, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, ग्रामीण इलाकों में पैठ मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति जैसे अहम मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में पार्टी आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में और बड़ी भूमिका निभाएगी।

यह भी पढ़ें…

छात्रों और ABVP कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज मामले में CM का एक्शन, कई पुलिस अधिकारी सस्पेंड