Syria वापसी की लहर… दिसंबर से अब तक 8.5 लाख शरणार्थी लौटे वतन

Beirut News: सीरिया में जारी संकट और लंबे समय से चले आ रहे विस्थापन के बीच अब धीरे-धीरे लोग अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं। संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी एजेंसी (UNHCR) के अनुसार, दिसंबर 2023 से अब तक करीब 8.5 लाख सीरियाई शरणार्थी अपने पड़ोसी देशों से सीरिया लौट चुके हैं।

उप उच्चायुक्त का सीरिया-लेबनान दौरा
संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी मामलों की उप उच्चायुक्त केली क्लेमेंट्स ने हाल ही में लेबनान और सीरिया का पांच दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लेबनान और सीरिया के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की और शरणार्थियों से सीधे बातचीत भी की। क्लेमेंट्स ने लौट चुके और लौटने की योजना बना रहे शरणार्थियों के अनुभव साझा किए और कहा कि लोगों के भीतर अपने देश को फिर से बनाने की अदम्य इच्छाशक्ति है।
उन्होंने कहा, “मैंने नज़दीक से देखा कि कैसे 14 साल के युद्ध और तबाही के बाद भी लोग हिम्मत नहीं हारे हैं और वापसी व पुनर्निर्माण की कोशिश कर रहे हैं।”

वापसी को सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने की कोशिश
यूएनएचसीआर ने स्पष्ट किया कि उसकी प्राथमिकता स्वैच्छिक, सुरक्षित और गरिमामय वापसी सुनिश्चित करना है। इसके लिए एजेंसी ने अपनी मदद बढ़ा दी है।

  • लौटने वालों को आर्थिक सहायता दी जा रही है।
  • घर वापसी के लिए यात्रा सुविधा और अस्थायी आवास उपलब्ध कराया जा रहा है।
  • रोज़गार और आजीविका के अवसर सृजित करने पर भी ज़ोर दिया जा रहा है।

लेबनान में अब भी लाखों शरणार्थी
लेबनान अब भी लाखों सीरियाई शरणार्थियों की मेजबानी कर रहा है। सिर्फ इस साल वहां से करीब 2 लाख शरणार्थी अपने देश लौट चुके हैं। हालांकि सीरिया में छिटपुट हिंसा जारी रहने के कारण नए शरणार्थी लेबनान भी पहुंच रहे हैं। इससे संकेत मिलता है कि यह विस्थापन संकट पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है और लगातार बदल रहा है।

यह भी पढ़ें…

अफगानिस्तान में भूकंप से तबाही, हिंदू-सिख समुदाय ने बढ़ाया मदद का हाथ

अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील
क्लेमेंट्स ने ज़ोर देकर कहा, “अंतरराष्ट्रीय समुदाय केवल तमाशबीन न बने, बल्कि स्थिरता और सुधार के प्रयासों में सक्रिय भागीदार बने। इससे सीरियाई लोग अपने देश को फिर से संवार पाएंगे।” उन्होंने लेबनान के प्रधानमंत्री नवाब सलाम और अन्य मंत्रियों से मुलाकात कर सीरियाई शरणार्थियों की मेजबानी के लिए लेबनान सरकार की सराहना की और भरोसा दिया कि संयुक्त राष्ट्र उनकी मदद जारी रखेगा।

यह भी पढ़ें…

अदालतों से डोनाल्ड ट्रंप को करारा झटका, सैन्य तैनाती और टैरिफ नीति अवैध करार

आंतरिक विस्थापितों की स्थिति
यूएन के आधिकारिक अनुमान के मुताबिक, अब तक 1.7 मिलियन (17 लाख) से अधिक आंतरिक रूप से विस्थापित सीरियाई भी अपने घर लौट चुके हैं। यह इस बात का संकेत है कि धीरे-धीरे देश में हालात सुधार की ओर बढ़ रहे हैं, हालांकि चुनौतियाँ अभी भी बरकरार हैं।

यह भी पढ़ें…

SCO में पीएम मोदी का जलवा देख थर्राया अमेरिका, रिश्तों को लेकर दिया बड़ा बयान