Uttarakhand Weather High Alert: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार के लिए पूरे राज्य में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
Uttarakhand Weather High Alert: उत्तराखंड फिर से आपदा की मार झेल रहा है। तेज बारिश और भूस्खलन से कई इलाकों में हालात बिगड़ गए हैं। नंदानगर और बड़कोट में मकानों में दरारें पड़ने से लोग दहशत में हैं तो रुद्रप्रयाग में बोल्डर गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। हालात को देखते हुए सरकार ने चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा को 5 सितंबर तक स्थगित कर दिया है। वहीं, नदियों का बढ़ता जलस्तर और स्कूलों की छुट्टी राज्यभर में चिंता बढ़ा रहे हैं।
केदारनाथ हाईवे पर हादसा
केदारनाथ हाईवे पर सोनप्रयाग से गौरीकुंड जाते हुए एक शटल सेवा के वाहन पर पहाड़ी से अचानक पत्थर और बोल्डर गिर गए। हादसे में वाहन में सवार दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि चार घायल हैं।
दस जिलों के स्कूलों में छुट्टी
बारिश के अलर्ट को देखते हुए 10 जिलों में स्कूलों में मंगलवार को छुट्टी घोषित कर दी गई है। इनमें चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, यूएस नगर और चंपावत शामिल हैं। उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद हैं। सोमवार को उत्तराखंड में केदारनाथ मार्ग पर लैंडस्लाइड से दो लोगों की मौत हो गई और 6 घायल हो गए। भारी बारिश के कारण चार धाम यात्रा 5 सितंबर तक स्थगित कर दी गई है।
हिमाचल प्रदेश में इस साल अगस्त की बारिश ने 76 साल का रिकॉर्ड तोड़ा दिया। बीते महीने सामान्य से 68% ज्यादा (256.8 mm) बारिश हुई। यह 1949 के बाद से सबसे ज्यादा है। शिमला में पिछले 24 घंटे में लैंडस्लाइड और मकान गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को हिमाचल के 6 जिलों में बहुत तेज बारिश का रेड अलर्ट है। 8 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।
पंजाब में बाढ़ के चलते हालात बुरे
पंजाब के पठानकोट, फिरोजपुर समेत 9 जिले एक हफ्ते से बाढ़ की चपेट में हैं। राज्य में 1,312 गांवों के 2.56 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। अब तक 29 लोगों की मौत हो गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बाढ़ को लेकर मंगलवार को हाईलेवल मीटिंग बुलाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार रात मुख्यमंत्री मान से फोन पर बात की और केंद्र से हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
पंजाब में बाढ़ के चलते हरियाणा में भी हालात बुरे हैं। दोनों राज्यों में बहने वाली नदियां उफान पर हैं। हरियाणा में पिछले तीन दिन से लगातार बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति है। भिवानी, हिसार, सिरसा, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और पंचकूला में आज कुछ स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। गुरुग्राम के दफ्तरों में कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम के आदेश जारी किए गए हैं।