Manisha Koirala on Nepal Violence: पड़ोसी देश नेपाल इस वक्त हिंसा की आग में जल रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगाए जाने के विरोध में देश का युवा सड़क पर उतर गया है।
Manisha Koirala on Nepal Violence: हमारा पड़ोसी देश नेपाल इस समय काफी मुश्किलों में है। इसकी वजह है सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर बैन, जिसके विरोध में जोरदार आंदोलन हो रहा है। इसमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है। अब इस घटना पर बॉलीवुड एक्ट्रेस मनीषा कोइराला का दर्द छलका है और उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या लिखा।
पोस्ट में छलका एक्ट्रेस का दर्द
मनीषा ने अपने इंस्टाग्राम पर प्रोटेस्ट के दौरान की एक इमोशनल फोटो शेयर की है। इसमें एक जूता खून से लथपथ है। पोस्ट में एक्ट्रेस ने लिखा, ‘आज नेपाल के लिए बेहद काला दिन है। जनता की आवाज, भ्रष्टाचार के खिलाफ उनके गुस्से और न्याय की मांग का जवाब गोलियों से दिया गया है।’ मनीषा की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोग बड़ी संख्या में उनके समर्थन में उतर आए और सरकार से इस हिंसा पर जवाब मांगा।
View this post on Instagram
नेपाल से मनीषा का क्या कनेक्शन?
बता दें मनीषा कोइराला का नेपाल से काफी गहरा नाता रहा है। एक्ट्रेस का जन्म नेपाल के विराटनगर की एक राजनीतिक फैमिली में हुआ। एक्ट्रेस के पिता प्रकाश कोईराला नेपाल सरकार में मंत्री रह चुके हैं। इसके साथ ही मनीषा की दादी नेपाल की पहली महिला मंत्री थीं। मनीषा का परिवार नेपाल की सत्ता में बड़े पदों पर रह चुका है।
नेपाल सरकार ने सोशल मीडिया पर क्यों लगाया बैन?
नेपाल देश में ये आंदोलन इसलिए हो रहा है, क्योंकि नेपाल की ओली सरकार ने फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और ट्विटर पर बैन लगा दिया है। हालांकि सरकार ने ये कदम सुरक्षा का हवाला देते हुए उठाया। अब इसे लेकर नागरिकों द्वारा भारी विरोध किया जा रहा है, जिसमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है। हिंसा के बाद स्थानीय प्रशासन ने नेपाल की राजधानी के कई हिस्सों में कर्फ्यू लगा दिया है। काठमांडू के अलावा, ललितपुर जिले, पोखरा, बुटवल और सुनसराय जिले के इटाहारी में भी कर्फ्यू के आदेश जारी किए गए।