विधायक के दुर्व्यवहार पर IAS एसोसिएशन का सख्त रुख, सीएम से कड़ी कार्रवाई की मांग

Madhya Pradesh News: भिंड जिले में विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह द्वारा कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के साथ किए गए दुर्व्यवहार ने प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। इस घटना के खिलाफ मध्यप्रदेश आईएएस एसोसिएशन ने कड़ी आपत्ति दर्ज करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को विरोध-पत्र सौंपा है।

एसोसिएशन ने पत्र में उल्लेख किया कि 27 अगस्त 2025 को हुई यह घटना न केवल सिविल सेवा की गरिमा को ठेस पहुँचाती है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी मर्यादाओं का भी उल्लंघन करती है। संगठन का कहना है कि कलेक्टर जिले में सरकार का प्रतिनिधि होता है, और उसका अपमान सीधे तौर पर शासन प्रणाली की अधिकारिता को चुनौती देने जैसा है।

सीएम के सामने तीन प्रमुख मांगें

आईएएस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को सौंपे गए पत्र में तीन ठोस कदम उठाने की मांग की है:

  1. अधिकारियों की गरिमा व सुरक्षा बनाए रखने के लिए ठोस दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

  2. दोषी जनप्रतिनिधि पर विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाए।

  3. अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच शिकायत समाधान के लिए एक व्यवस्थित संवाद तंत्र स्थापित किया जाए।

‘धमकाना अस्वीकार्य’

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने यह स्पष्ट किया कि किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा अधिकारी को धमकाना, अपमानित करना या दबाव बनाने की कोशिश शासन प्रणाली के लिए अस्वीकार्य है। पत्र में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि इस मामले में कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो अधिकारियों का मनोबल प्रभावित होगा और निष्पक्ष प्रशासन पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।

यह भी पढ़ें…

Ganesh Utsav 2025: जावरा की प्रतिमा ने लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में बनाई जगह

त्वरित हस्तक्षेप की अपील

आईएएस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वे इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप करें और दोषियों पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करें। संगठन का मानना है कि समय पर उठाए गए कदम न केवल अधिकारियों का मनोबल बढ़ाएंगे बल्कि प्रदेश में सुशासन की नींव को और मजबूत करेंगे।

यह भी पढ़ें…

Ran Samvad: महू के आर्मी वार कॉलेज में युद्ध और भविष्य की रणनीति पर मंथन

राजनीतिक हलचल

यह मामला अब सिर्फ प्रशासनिक स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि राजनीतिक चर्चाओं का भी विषय बन गया है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के अगले कदम से न केवल अधिकारियों में भरोसा बढ़ेगा बल्कि सरकार की साख भी दांव पर होगी।

यह भी पढ़ें…

Ladli Behna पर कांग्रेसी नेता के विवादित बयान पर भड़कीं BJP महिला मोर्चा