राहुल गांधी को लेकर सियासी टकराव, पप्पू यादव ने की तारीफ तो एनडीए ने बताया नौटंकी

Patna News: बिहार में चल रही वोटर अधिकार यात्रा सोमवार को समाप्त हो गई। यात्रा के समापन के साथ ही राज्य की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्ष ने इसे लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का आंदोलन बताया, वहीं सत्ता पक्ष ने इसे नौटंकी और विफल प्रयास करार दिया।

पप्पू यादव का राहुल गांधी को समर्थन
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने यात्रा के समापन पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस तरह महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलकर देश को नई दिशा दी थी, उसी राह पर राहुल गांधी भी आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी की यह तीसरी यात्रा भारतीय राजनीति को नई दिशा देने वाली साबित होगी। उनका उद्देश्य लोकतंत्र और संविधान को सुरक्षित रखना है। पप्पू यादव ने कहा, “आज देश में वोट चोरी को लेकर जनता गुस्से में है। अब इस व्यवस्था को किसी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। राहुल गांधी ही संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा कर सकते हैं।”

कांग्रेस का पलड़ा मजबूत करने की कोशिश
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय चौधरी ने कहा कि बिहार से उठी यह बयार पूरे देश में फैलेगी और कांग्रेस का संदेश जनता तक पहुंचेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर अभद्र टिप्पणी वाले विवाद को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस गांधीवादी सिद्धांतों पर विश्वास रखती है और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल नहीं करती।

कांग्रेस के यूपी प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि यह यात्रा यह साबित करती है कि सत्ता में बैठे लोग वोट चोरी के दम पर शासन कर रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि “जो संस्था मताधिकार की रक्षा के लिए बनी है, वही अब भक्षक बन चुकी है।”

यह भी पढ़ें…

पटना में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के समापन पर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे का संबोधन

सत्ता पक्ष का पलटवार
इधर, सत्ता पक्ष ने इस यात्रा को पूरी तरह खारिज कर दिया। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पैदल मार्च को नौटंकी बताया। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन लोकतंत्र का दुश्मन है और जनता इन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगी।

वहीं, मंत्री अशोक चौधरी ने इस यात्रा को विफल करार दिया। उन्होंने कहा कि रोड शो में भीड़ जुटना और वोट में तब्दील होना दो अलग बातें हैं। कांग्रेस जब तक राजद के साथ रहेगी, उसका कोई भला नहीं हो सकता। तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को “चिट मुख्यमंत्री” कहे जाने पर चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा कि यह जनता तय करेगी कि वे कैसे मुख्यमंत्री हैं।

यह भी पढ़ें…

Bihar Election से पहले CM Nitish का बड़ा ऐलान, हर परिवार की एक महिला को मिलेंगे 10000

राजनीतिक संदेश और आगे की राह
विशेषज्ञों का मानना है कि वोटर अधिकार यात्रा ने बिहार की राजनीति में एक नई बहस छेड़ दी है। विपक्ष इसे जनता के असली मुद्दों से जोड़कर पेश कर रहा है, जबकि सत्ता पक्ष इसे जनता को गुमराह करने की साजिश बता रहा है।

यात्रा का राजनीतिक असर आने वाले विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनावों में देखने को मिलेगा या नहीं, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी। लेकिन इतना तय है कि इस यात्रा ने सत्ता और विपक्ष दोनों को अपने-अपने समर्थकों को सक्रिय करने का मौका जरूर दिया है।

यह भी पढ़ें…

PM Modi और उनकी मां पर अभद्र टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार, राजनीतिक विवाद तेज